रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद से हटने और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सियासी खींचतान की चर्चाओं के बीच भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। अब उनका फोकस प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधा संवाद करने पर है। इसी कड़ी में उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में पदयात्रा निकालने की तैयारी की है। इस अभियान के जरिए वे गांवों से लेकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना बना रहे हैं।
जिलों में पहुंचकर संगठन की नब्ज टटोल रहे देवेंद्र यादव
प्रदेशव्यापी पदयात्रा की रणनीति बनाने के साथ ही देवेंद्र यादव अलग-अलग जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। कवर्धा, बेमेतरा, रायपुर, बस्तर और बिलासपुर सहित कई क्षेत्रों में उनका दौरा जारी है। इन मुलाकातों के जरिए वे कार्यकर्ताओं से स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की गतिविधियों पर चर्चा कर रहे हैं। उनकी कोशिश जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क मजबूत करने की है।
सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
देवेंद्र यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सुशासन का दावा करने वाली सरकार स्थानीय लोगों की भावनाओं को महत्व नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार को रिमोट कंट्रोल से संचालित बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता की आवाज को समझना और उसे मजबूती से उठाना जरूरी है। उनका कहना है कि प्रदेश के मौजूदा हालात को देखते हुए जनता के बीच पहुंचना और उनकी समस्याओं को जानना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पदयात्रा के माध्यम से लोगों से सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा।
तारीख का ऐलान जल्द, गांवों और वनांचल पर रहेगा फोकस
देवेंद्र यादव की प्रस्तावित पदयात्रा का दायरा पूरे छत्तीसगढ़ में होगा। इसमें ग्रामीण इलाकों के साथ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना है। हालांकि, पदयात्रा कब और कहां से शुरू होगी, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है। जल्द ही कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा घोषित किए जाने की बात कही गई है।
