बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक निजी स्कूल के संगीत शिक्षक द्वारा 11 वर्षीय छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा नगर में संचालित एक निजी स्कूल में पदस्थ संगीत शिक्षक ने स्कूल की 11 वर्षीय छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके निजी अंगों को छुआ। घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।

बेटी से पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने दल्लीराजहरा थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी संगीत शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।