कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी कर एक कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। मामले में उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर गांजे को बेहद शातिर तरीके से कंटेनर ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे। ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर एक गोपनीय चेंबर बनाया गया था, जिसमें गांजे के 192 पैकेट रखे गए थे। चिल्फी पुलिस ने तलाशी के दौरान इस गोपनीय चेंबर का पता लगाकर गांजे की खेप बरामद की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

इस कार्रवाई में गांजा, कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।