बिलासपुर। जिले में अवैध खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बिनौरी में सरकारी जमीन से मुरूम निकालने और कोटा क्षेत्र में अरपा नदी से रेत के अवैध उत्खनन किए जाने के आरोप लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि बिनौरी में खुदाई का विरोध करने पहुंचे लोगों को देखकर उत्खनन में लगे चालक और मजदूर हाईवा व JCB मशीन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सरपंच पति और सचिव पर मिलीभगत का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत बिनौरी में सरपंच पति और सचिव की कथित मिलीभगत से सरकारी जमीन पर मुरूम की खुदाई कराई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की सहमति के बिना जमीन खोदकर मुरूम निकाली जा रही है और उसका निजी व व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। इससे गांव की सरकारी जमीन और खनिज संपदा को नुकसान पहुंच रहा है।
विरोध करने पहुंचे ग्रामीण तो वाहन छोड़कर भागे चालक
शिकायत के अनुसार, अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया। लोगों को आता देखकर वहां काम कर रहे चालक और मजदूर वाहन व मशीनें छोड़कर भाग गए। मौके पर दो भारी वाहन क्रमांक CG 10 AU 5589 और CG 10 F 5289 के साथ एक JCB मशीन खड़ी मिली। ग्रामीणों ने मौके पर खुदाई का वीडियो भी बनाया है। उनका दावा है कि वीडियो में JCB मशीन से सरकारी जमीन की खुदाई कर मुरूम निकाले जाने की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
कलेक्टर और खनिज विभाग से शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल और खनिज विभाग से की गई है। इसके अलावा तखतपुर एसडीएम और सकरी थाना प्रभारी को भी जानकारी दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मौके पर जांच या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
कोटा में अरपा नदी से रेत निकालने का भी आरोप
इधर, कोटा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अरपा नदी से बड़े पैमाने पर रेत के अवैध उत्खनन का आरोप भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस गतिविधि को कुछ कांग्रेस नेताओं का संरक्षण प्राप्त है और उनके समर्थक खनिज विभाग के अधिकारियों से कथित सांठगांठ कर रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं।

