सूरजपुर. छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है. दरअसल दो साल पहले रायपुर में आयोजित प्रधानमंत्री मोदी की सभा में शामिल होने भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री अपने कार्यकर्ताओं को लेकर बस से जा रहे थे, इस दौरान बस बेमेतरा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री विशंभर यादव स्थायी विकलांगता के शिकार हो गए. उनके इलाज में अब तक करीब 35 लाख खर्च हो चुके हैं। अब इलाज के लिए पैसा नहीं है इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है.

विशंभर यादव ने कहा, इलाज में अभी तक 30 से 35 लाख रुपए खर्च हो गए हैं. उनके पास जो भी था वह सब लगा दिए, अब कुछ नहीं बचा है. घर की स्थिति को देखते हुए और अपने शारीरिक स्थिति से मजबूर होकर उन्होंने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की है.
विशंभर यादव ने कहा कि मेरे कारण परिवार भी परेशान हो गया है. जिस पार्टी के लिए मैंने अपना जीवन बिता दिया वहां से भी कुछ सहयोग नहीं मिलने के कारण अब मेरे पास मौत के सिवा कुछ बचा ही नहीं है, इसलिए मैंने इच्छा मृत्यु की मांग की है. उन्होंने कहा कि भाजपा अब पहले जैसा नहीं रहा. जैसे पहले कार्यकर्ताओं का सम्मान होता था. मेरा तो कोई हालचाल भी नहीं लेना चाहता. संगठन अगर मेरा सहयोग कर देता तो बहुत अच्छा होता.