रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया वीडियो विवादों में आ गया है। वीडियो को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताते हुए अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मंगलवार को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचा और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान भाजपा विधायक राजेश मूणत सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि अमित जोगी ने संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा ने वीडियो बनाने, उसकी पटकथा तैयार करने और उसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने हटाया वीडियो, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। इसके बाद एक अन्य पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।
अमित जोगी ने कहा कि अपनी बात रखने का उनका तरीका सही नहीं था। जिस संदेश को वे देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था। उन्होंने माना कि व्यंग्य की भी एक सीमा होती है और वे उस सीमा को पार नहीं करना चाहते थे। साथ ही उन्होंने पोस्ट से आहत हुए लोगों से खेद जताया।
SIR प्रक्रिया को लेकर उठा था विवाद
दरअसल, अमित जोगी देशभर में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे थे। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया में चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। इसी मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।