CG में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने की आत्महत्या, रिश्ते में लगते थे मामा-भांजी, घर वाले शादी से इनकार किया तो दे दी जान

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को दोनों की लाश खेत में मिली। शादी नहीं होने से नाराज कपल ने जान दी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है।

मृतकों की पहचान लक्ष्मीपुर के रहने वाले राकेश अचला (26) और जबेली की रहने वाली कुमारी जगवती बडडे (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। इसी वजह से उनका शादी करना संभव नहीं हो पा रहा था।

जानिए पूरा मामला

दरअसल राकेश और जबेली एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। 11 मार्च की रात दोनों टेकामेटा के रहने वाले नाथू दुगा के खेत पहुंचे, जहां उन्होंने कीटनाशक पी लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखी लाश

12 मार्च की सुबह ग्रामीण महुआ बीनने के लिए खेतों की ओर गए। इस दौरान उन्होंने कपल की लाश देखी, उनके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जाबेली सरपंच कैसियो खलको को दी। सरपंच ने छोटेबेठिया थाना पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी।

पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव

इधर, घटनास्थल पर पुलिस टीम ने दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

Exit mobile version