CG – बॉयफ्रेंड ने ले ली 8 महीने की गर्भवती प्रेमिका की जान: कहता था – ये मेरा बच्चा नहीं, तुम्हारा किसी और से अफेयर… फिर खेत में बुलाकर घोंट दिया गला… बाकायदा दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी

CG

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आशिक ने ही अपनी शादीशुदा प्रेमिका की जान ली थी। दरअसल प्रेमी अपनी गर्भवती प्रेमिका से छुटकारा पाना चाहता था। इसी वजह से उसने प्रेमिका की जान ली और फिर शव को पास के ही बाड़ी में फेंक दिया। मामला अंबिकापुर का है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र के जयपुर गांव का है।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम अनिल सिंह यादव (19) और प्रेमिका का नाम अनिला सिंह (22) है, जो प्रेमी से 3 साल बड़ी है। दोनों के बीच एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी शादी के लिए बालिग नहीं था, फिर वकील से स्टांप पेपर पर नोटरी कराकर शपथ-पत्र बनवाया था।

दरअसल, मंगलवार शाम यानी 28 जनवरी को करीब 8 बजे अनिला सिंह को किसी का फोन आया था। वह घर से गांव में जाना बताकर निकली थी। रात 10 बजे तक वह नहीं लौटी। परिजनों ने उसे फोन किया। अनिला सिंह ने बताया कि वह कुछ देर में आ रही है, लेकिन वह लौटी नहीं।

परिजनों के मुताबिक रात वह अनिला को खोजते रहे, लेकिन कहीं नहीं मिली। दूसरे दिन उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मिला। परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

अनिल सिंह ने अनिला से प्रेम विवाह जरूर किया था, लेकिन उसे शक था कि अनिला का प्रेम संबंध किसी और युवक से भी है। अनिला प्रेग्नेंट हुई तो उसके बच्चे को भी अनिल दूसरे का बच्चा बताता था। विवाद होने पर अनिला सिंह ने दरिमा थाने में शिकायत की थी। थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था।

समझौते के बाद अनिल सिंह अपने घर सूरजपुर जिले के सेमरिया गांव चला गया था। वारदात वाले दिन अनिल वापस जयपुर पहुंचा। इस दौरान उसने अपनी प्रेमिका को फोन कर गांव के बाहर खेत में मिलने बुलाया। खेत में दोनों ने साथ में बैठकर बातचीत की।

इस दौरान अनिला सिंह ने अपने प्रेमी अनिल से उसके साथ गांव जाने की जिद की, लेकिन अनिल सिंह नहीं माना। प्रेमी अनिल अपनी प्रेमिका से कहने लगा कि तुम्हारे गर्भ में जो बच्चा है, वह उसका नहीं है। विवाद होने पर अनिल सिंह ने गला दबाकर अनिला सिंह की हत्या कर दी। मौके से भाग निकला।

अनिल सिंह और अनिला सिंह ने मंदिर में शादी करने के लिए हलफनामा बनवाया था। इसे नोटरी से भी कराया गया। अनिल सिंह की उम्र 19 साल दर्ज है। हलफनामा 10 रुपए के स्टांप पर है। कानूनन शादी की उम्र नहीं होने के बावजूद नोटरी दिनेश प्रसाद सोनी ने नोटरी की। पुलिस को सबूत के तौर पर दस्तावेज मिले हैं।

मामले में सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि दोनों ने 15 दिसंबर 2024 को सकलपुर के शिव मंदिर में शादी की थी। 19 दिसंबर 2024 को दोनों ने वकील से स्टांप पेपर पर शपथ पत्र बनवाया था। दोनों अनिला के घर जयपुर में रह रहे थे।

पुलिस ने बारीकी से फोन कॉल की जांच की। संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की। इसमें प्रेमी पर शक हुआ। शक के आधार पर हिरासत में लिया गया। आरोपी ने मर्डर करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया है।