NH-53 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। संबलपुर से लौट रही एक कार सड़क पर चल रहे 16 चक्का ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बावनकेरा चौक के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत की आधिकारिक पुष्टि संबंधित पुलिस या अस्पताल प्रशासन की ओर से की जानी बाकी है।

तीन घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग संभवतः राजनांदगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। यह हादसा पटेवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस फरार ट्रक चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Exit mobile version