CG News: सीएएफ जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, छुट्टी से लौटने के बाद उठाया कदम, भिलाई का था युवक

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छूईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब उदयपुर स्थित राजपरिवार के सील पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज से पूरे पैलेस परिसर में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का रहने वाला था। घटना सोमवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने कृपाचंद को खून से लथपथ हालत में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने की है।

पैलेस में तैनात थी सुरक्षा टीम
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ स्थित कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों स्थानों की सुरक्षा के लिए CAF जवानों की तैनाती की गई है।

छुट्टी से लौटने के बाद उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से ड्यूटी पर लौटा था। साथी जवानों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से तनाव में था, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने निजी या पारिवारिक कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया।

जांच जारी, नहीं मिला सुसाइड नोट
फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Exit mobile version