सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर माधोपाली के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां लात नाला के तेज बहाव में एक चार पहिया वाहन बह गया। वाहन में सवार पति-पत्नी के लापता होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, देव ट्रेडर्स, घोटला के संचालक देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि लात नाला में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान दंपती ने पुल पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के बीच वाहन अनियंत्रित होकर पानी में बह गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। लापता दंपती की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और बचाव दल द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बचाव की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वाहन तक पहुंचना बेहद मुश्किल साबित हुआ।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों, नदी और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। तेज बहाव और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी अपील की गई है।