CG News : हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, मां की हालत गंभीर

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की जान चली गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना नेहरू चौक की है। यहां एक मकान के बेहद करीब से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। बताया जा रहा है कि यह तार घर से महज पांच फीट की ऊंचाई पर है। इसी दौरान राकेश गुप्ता अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए।

पति को करंट से बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी बिजली की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें रायपुर रेफर किया गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घरों के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version