दुर्ग/भिलाई। भिलाई में शुक्रवार सुबह चेन स्नैचरों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी वारदात भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में सामने आई। दोनों घटनाएं सुबह करीब 6 बजे की हैं। एक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग महिला सुबह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। वाहन चला रहा आरोपी हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा युवक चेहरे पर नकाब लगाए हुए था। मौका मिलते ही बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों तेज रफ्तार से फरार हो गए।

वहीं दूसरी घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 के पास हुई। यहां एक बुजुर्ग महिला सुबह फूल तोड़ रही थीं। तभी एक महिला आरोपी ने उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया और गले से चेन खींच ली। वारदात के बाद महिला आरोपी अपने पुरुष साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गई।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

