छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट: कल से चलेगी लू, व्यापम ने परीक्षाओं के समय में किया बदलाव

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सूरज के तेवर अब तीखे होने वाले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही, कल यानी 24 अप्रैल से मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में हीट वेव (लू) चलने की आशंका जताई गई है, जिसका असर अगले तीन दिनों तक बना रहेगा।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, जगदलपुर में गिरे ओले

बीते 24 घंटों की बात करें तो दुर्ग 43.2°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं रायपुर में भी पारा 43°C के करीब पहुंचने का अनुमान है। एक ओर जहां मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं बस्तर संभाग के जगदलपुर में बुधवार दोपहर को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई और ओले भी गिरे। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज किया गया।

भीषण गर्मी के कारण व्यापम परीक्षाओं का समय बदला

तपती धूप और लू के खतरों को देखते हुए बिलासपुर प्रशासन और व्यापम ने बड़ा फैसला लिया है। परीक्षार्थियों को राहत देने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का समय बदल दिया गया है। अब दोपहर के बजाय परीक्षाएं सुबह की पाली में होंगी:

  • 26 अप्रैल: मंडी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा (सुबह 10 बजे से)
  • 14 मई: एसएससी नर्सिंग और पीईटी (PET) परीक्षा (सुबह 10 बजे से)
  • 21 मई: पीपीएचटी (PPHT) परीक्षा (सुबह 10 बजे से)

क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आसमान में करीब 12.6 किलोमीटर ऊपर ‘सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम’ (तेज हवा का प्रवाह) सक्रिय है। यह हवा 90 से 110 नॉट की रफ्तार से चल रही है, जिससे मध्य और पूर्वोत्तर भारत के मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन हीटवेव की स्थिति लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

सावधानी बरतने की सलाह

अगले तीन दिनों तक चलने वाली लू को देखते हुए डॉक्टरों ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहेगा और रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।

Exit mobile version