रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 40 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। संघ की ओर से इस संबंध में सूचना जारी की गई है।
पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी (PV) एप की विसंगतियों को दूर करने, वेतन और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। हड़ताल के कारण प्रदेश में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पटवारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। बातचीत के दौरान संघ ने हड़ताल समाप्त करने का भरोसा दिया। पटवारियों की मांगों पर विचार करने के लिए सरकार ने एक समिति का गठन किया है। यह समिति पटवारियों से भी सुझाव लेगी और जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर सरकार मांगों पर विचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस समय धान खरीदी का काम चल रहा है। वहीं चक्रवात के प्रभाव से फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है। ऐसे में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। हड़ताल स्थगित होने से राजस्व कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।