रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स (Fastest Movers) श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज (Innovation and Best Practices) श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी मिला सम्मान
राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने भी अपनी जगह बनाई। डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली नगर पालिका ने देश में पहला और दंतेवाड़ा नगर पालिका ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा पुरस्कार मिला।
इन पुरस्कारों के जरिए पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान मिलना योजना के बेहतर क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल देकर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रहण किए पुरस्कार
समारोह में बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली नगर पालिका के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव ने अपने-अपने नगरीय निकायों की ओर से पुरस्कार ग्रहण किए।
इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी भी उपस्थित रहे।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका मजबूत करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ प्रदेश को शहरी आजीविका और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान मिली है।