रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा में करीब 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साल्हेवारा पुलिस के सहयोग से की।
वाहन से मिले पनीर के 30 बॉक्स
जानकारी के अनुसार, साल्हेवारा पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 की जांच के दौरान उसमें रखे पनीर के 30 बॉक्स बरामद किए। इनका कुल वजन लगभग 1500 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब्त सामग्री खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दी। बताया गया कि जब्त पनीर पर किसी व्यक्ति या फर्म ने अपना स्वामित्व अथवा दावा प्रस्तुत नहीं किया।
बॉक्स पर नहीं मिले जरूरी खाद्य लेबल विवरण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि पैकेटों पर खाद्य सामग्री में इस्तेमाल किए गए घटकों (Ingredients), निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच या लॉट नंबर और निर्माता फर्म के नाम-पते जैसी जरूरी जानकारियां दर्ज नहीं थीं। संपर्क नंबर सहित अन्य अनिवार्य लेबल विवरण भी गायब थे। राज्य में एनालॉग पनीर पर लागू प्रतिबंध और पैकेटों पर आवश्यक जानकारी नहीं मिलने के मद्देनजर विभाग ने करीब 1500 किलो संदिग्ध पनीर का विनष्टीकरण करा दिया।
रायपुर में भी 100 किलो पनीर कराया गया था नष्ट
एनालॉग पनीर के खिलाफ विभाग की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे दो दिन पहले रायपुर में भी करीब 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया गया था। विभाग प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक के मद्देनजर निगरानी कर रहा है।
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: दीपक अग्रवाल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। छत्तीसगढ़ में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
