भिलाई। दुर्ग जिले के कलेक्टर अभिजीत सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसमी बीमारी के बीच पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्होंने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से परामर्श लिया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी, जिसके बाद उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तबीयत बिगड़ने पर कलेक्टर अभिजीत सिंह दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने ऑन ड्यूटी डॉक्टर को अपनी परेशानी बताई। प्रारंभिक जांच और क्लिनिकल परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कलेक्टर को आईसीयू में रखा गया है। शुरुआती जांच में पेट संबंधी बीमारी की पहचान हुई है। फिलहाल उनकी आवश्यक जांच की जा रही है और डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
करीब 15 वर्ष पहले दुर्ग में सिविल सर्जन और बाद में सीएमएचओ रहे डॉ. अजय दानी के मुताबिक, जिला अस्पताल में किसी कलेक्टर के भर्ती होने की जानकारी पहली बार सामने आई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम लोगों का जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भरोसा बढ़ सकता है।
फिलहाल कलेक्टर की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन सामने नहीं आया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

