भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के लौह खदान क्षेत्र में तीन वाहनों को आग के हवाले करने और घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा छोड़ने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। लोहत्तर थाना पुलिस ने वारदात के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला लोहत्तर थाना क्षेत्र के चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक लौह खदान का है। यहां खदान में काम कर रहे तीन वाहनों में आग लगा दी गई थी। वारदात के बाद घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा मिलने से मामला गंभीर हो गया था और घटना के पीछे नक्सली कनेक्शन की आशंका भी पैदा हुई थी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की।
जांच में पांच लोगों तक पहुंची पुलिस
जांच के बाद पुलिस ने सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सहदेव तुलावी की वारदात में प्रमुख भूमिका सामने आई है। आरोपी खदान के आसपास स्थित बोदेली और एडगुड गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
गांव में खदान का विरोध बना वारदात की वजह
पुलिस जांच में अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी अपने इलाके में लौह खदान संचालित किए जाने का विरोध कर रहे थे। इसी विरोध को वारदात की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम में प्रत्येक आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों को लेकर जांच जारी है।
आगजनी समेत कई धाराओं में केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने और जान से मारने की धमकी समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

