रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों से मकान बनाने के नाम पर रकम लेने और निर्माण नहीं करने का मामला सामने आया है। बोड़ला विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों के 9 हितग्राहियों से कुल 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत पर दो ठेकेदारों के खिलाफ अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई है।मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के आवास के लिए मिलने वाली राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है। इसमें गड़बड़ी या राशि के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
5 हितग्राहियों से ₹3.20 लाख लेने का आरोप
पहला मामला बोड़ला ब्लॉक की ग्राम पंचायत राजाढ़ार का है। यहां प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के पांच हितग्राहियों से मकान बनाने के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, ठेकेदार कुमार मेरावी ने देवसिंह से 60 हजार, मंधोर बाई से 60 हजार, पुसीया बाई से 60 हजार, कौशिल्या बाई से 80 हजार और ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि करीब डेढ़ साल गुजरने के बावजूद न तो हितग्राहियों के मकान बनाए गए और न ही उनसे ली गई रकम वापस की गई। लिखित शिकायत के बाद 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में BNS की धारा 318(4) के तहत ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आमानारा में 4 हितग्राहियों से ₹1.89 लाख लेने की शिकायत
दूसरा मामला ग्राम पंचायत आमानारा का है। यहां चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लिए जाने की शिकायत सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक, बैसाखू बैगा से 64 हजार, सुकोर बाई से 60 हजार, सोनिया बाई से 45 हजार और रनो बाई से 20 हजार रुपये लेने का आरोप है। शिकायत के आधार पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में FIR दर्ज की गई है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 9 हितग्राहियों से 5.09 लाख रुपये लिए जाने का आरोप है।
डिप्टी CM बोले- दोषियों को नहीं मिलेगी रियायत
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का घर उपलब्ध कराना है। खासकर दूरस्थ वनांचल में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों की राशि लेने और काम नहीं करने जैसी शिकायतें गंभीर हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विजय शर्मा ने अधिकारियों को भी आवास निर्माण की निगरानी और हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।

