छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ का खतरा : 9 जिलों में बारिश का अलर्ट, बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ ने प्रदेश की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने इसके प्रभाव को देखते हुए 2 से 4 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों के लिए यलो तो कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

9 जिलों में बारिश की संभावना, बस्तर संभाग पर ज्यादा असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इनमें कांकेर और धमतरी सहित अन्य जिले शामिल हैं। वहीं 3 और 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला मुरासु

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात मुरासु पिछले 24 घंटों के दौरान गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह 5:30 बजे यह चेन्नई से लगभग 200 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से करीब 210 किलोमीटर दूर था। उस समय इसकी आगे बढ़ने की गति लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई। पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 2 नवंबर की रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच आंध्र प्रदेश के ओंगोल तट के आसपास पहुंच सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।

रायपुर में भी बदलेगा मौसम, अंधड़ के आसार

चक्रवात के प्रभाव से 3 और 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ के साथ दक्षिण ओडिशा में भी मौसम प्रभावित हो सकता है। प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तेज झोंकों के दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाने के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश और बादलों की वजह से तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।

जगदलपुर में सबसे ज्यादा तापमान, बलरामपुर में 50 मिमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के मामले में बलरामपुर में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई राज्यों में दिख सकता है तूफान का असर

मुरासु का प्रभाव छत्तीसगढ़ तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। इसके चलते मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में मौसम बदल सकता है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

सुकमा में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद : धर्मांतरित...

सुकमा। जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक के पेंदलनार गांव में एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन...

कोरबा में मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद...

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने...

महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर की गिरफ्तारी : CM...

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी...

दुर्ग में सड़क हादसे के मामले में पिता को...

दुर्ग में सड़क हादसे के मामले में पिता को भी सजा, बिना लाइसेंस बेटे को दी थी बाइक; कोर्ट ने सुनाया 3 माह का...