दुर्ग। भिलाई नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दिसंबर में प्रस्तावित 70 वार्डों के चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयोजित बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक पार्षदों को जिताने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भूपेश बघेल का जोरदार स्वागत, चुनावी रणनीति पर मंथन
बैठक स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक धनेंद्र साहू, सह-पर्यवेक्षक दीपक दुबे, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल समेत कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे।
वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वर्तमान में भिलाई नगर निगम में सत्ता संभाल रही कांग्रेस इस बार भी महापौर पद पर अपना कब्जा बरकरार रखने की रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

‘फिर बनेगा कांग्रेस का महापौर’
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस का महापौर बनेगा और पार्टी के बड़ी संख्या में पार्षद जीतकर आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
धान खरीदी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
बैठक के दौरान भूपेश बघेल ने धान खरीदी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक धान खरीदी को लेकर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। बघेल के मुताबिक, यदि किसानों का धान समय पर खरीदा जाता तो वे बेहतर तरीके से दिवाली मना पाते। उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बेरोजगारी, जीएसटी और वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
भाजपा पर हमला बोलते हुए भूपेश बघेल ने बेरोजगारी, वोट चोरी, जीएसटी और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल रही है। इस दौरान उन्होंने अमेरिका से जुड़े बयान के संदर्भ में भारत के अपमान का मुद्दा भी उठाया।
वहीं, सांसद विजय बघेल पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने उनकी कार्यशैली और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दो बार सांसद रहने के बावजूद युवाओं के लिए भर्ती के पर्याप्त अवसर सामने नहीं आए। अदाणी के मुद्दे पर भी उन्होंने विजय बघेल को घेरते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय राजनीति की जा रही है।

