बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने रिसॉर्ट में दबिश दी, जहां किचन से संदिग्ध रूप से पका हुआ मांस बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में इसे हिरण का मांस होने की आशंका जताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने रिसॉर्ट के मैनेजर समेत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजनीश सिंह, रमेश यादव, संजय वर्मा और रामकुमार टोप्पो के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में मांस सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी जनक बैगा फरार है, जिसकी तलाश में वन विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है। जब्त मांस को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किस वन्यजीव का है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल, वन विभाग की टीम मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।