भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने के लिए अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह के सख्त निर्देश के बाद निगम की टीम शहर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत (बिजली) और ट्यूबलर पोल पर लगे अनाधिकृत विज्ञापनों को हटाने की लगातार कार्रवाई कर रही है।

सड़क हादसों को न्योता दे रहे थे अवैध बैनर
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक विद्युत एवं ट्यूबलर पोल पर लगे ये अवैध बैनर-पोस्टर सड़क पर चालकों की दृश्यता (विजिबिलिटी) को प्रभावित करते हैं। इससे सामने से आने वाले वाहनों और मोड़ पर देखने में काफी परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगी प्रचार सामग्री से शहर का सौंदर्य और स्वच्छता भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
महापौर परिषद का संकल्प, जारी रहेगा अभियान
उल्लेखनीय है कि शहर में अवैध बैनर-पोस्टर हटाने को लेकर महापौर परिषद (MIC) द्वारा पहले ही संकल्प पारित किया जा चुका है। इसी कड़ी में निगम का अमला शहर के अलग-अलग इलाकों का औचक निरीक्षण कर सार्वजनिक स्थानों से अवैध प्रचार सामग्री को जब्त कर रहा है।
निगम की अपील: नगर निगम भिलाई ने सभी नागरिकों, व्यवसायियों एवं विभिन्न संस्थानों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्तियों, बिजली के खंभों और अन्य अनाधिकृत स्थानों पर बिना पूर्व अनुमति के बैनर-पोस्टर न लगाएं। निगम ने चेतावनी भी दी है कि शहर को सुंदर और सुरक्षित बनाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।