छत्तीसगढ़ में फिर मंडराया चक्रवात का खतरा! बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया तूफान, दो दिन भारी बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। तूफान अर्नब और मुरासु के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया वायुमंडलीय सिस्टम विकसित हो रहा है। यदि यह पूरी तरह चक्रवात में तब्दील होता है, तो इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा।

13 साल में पहली बार बन सकती है ऐसी स्थिति

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 13 वर्षों में यह पहली बार हो सकता है, जब महज 20 दिनों के भीतर बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती तूफान विकसित हों। रविवार को खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद यह सिस्टम डिप्रेशन में बदल गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह और मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

20 और 21 नवंबर को बारिश के आसार

मौसम के इस सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। अनुमान के मुताबिक, 19 नवंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने शुरू हो जाएंगे। इसके बाद बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

18 नवंबर तक मौसम रहेगा साफ

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। यानी अगले चार दिनों तक लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है। हालांकि, 19 नवंबर के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। ऐसे में नए चक्रवाती सिस्टम की दिशा और तीव्रता पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।

Exit mobile version