जांजगीर। जांजगीर जिला में प्यार का खौफनाक अंत का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं। यहां एक युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी गर्लफ्रेंड की पहले तो हत्या कर दी और फिर इस हत्याकांड पर पर्दा डालने के लिए लाश को दफना दिया। बताया जा रहा है युवक का किसी लड़की से शादी तय हो गया था, जो कि उसकी गर्लफ्रेंड को मंजूर नही था। लिहाजा गर्लफ्रेंड ने लड़की के घरवालों को दोनों के रिश्ते की जानकारी बताकर शादी तुड़वा दी, जिससे नाराज प्रेमी ने अपनी ही गर्लफ्रेंड को मौत की नींद सुलाकर दफना दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बुढ़नपुर निवासी सहोद्रा का उसी के गांव के युवक अजय सिंह कंवर के साथ करीब तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था। सामाजिक कारणों से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी। इस बीच अजय की शादी किसी और लड़की से तय हो गई। यह बात सहोद्रा को पता चली तो उसे नागवार गुजरा। उसने लड़की वालों को कॉल किया और अपने व अजय के रिश्ते की जानकारी उनको दे दी। इसके चलते अजय की शादी टूट गई।
शादी टूटने से नाराज अजय ने बदला लेने के लिए दोस्त नारायण मैत्री के साथ मिलकर सहोद्रा की हत्या की साजिश रची। अजय ने सहोद्रा को करीब 15 दिन पहले मिलने के लिए बुलाया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव के बाहर कलमीभाठा जाम खार जंगल के पास कब्र खोदकर दफना दिया। अजय ने हत्या से करीब 15 दिन पहले ही कब्र भी खोद दी थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अजय सिंह ने बताया कि उसने सहोद्रा को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। वहां युवती पहुंची तो दोनों के बीच शादी तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान अजय ने उसका हाथ पकड़ लिया और नारायण मैत्री ने सहोद्रा का गला दबा दिया। इसके बाद दोनों ने पहले से खोदे गए गड्ढे में शव को डालकर ऊपर से पाट दिया। फिर दोनों आरोपी घर लौट गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
गोदना में लिखा था SA इसी से पहचाना पिता ने
सहोद्रा के गायब होने पर उसके भाई संतोष कुमार कंवर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उसकी बहन सहोद्रा 13 अप्रैल की रात करीब 8-9 बजे के बीच घर से निकली थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। नगरदा थाना प्रभारी सीपी कंवर ने बताया कि गांव वालों से पूछताछ के दौरान दोनों के प्रेम संबंधों का पता चला था। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल ली है। शव को जब बाहर निकाला तो उसकी शिनाख्ती युवती के पिता से कराई गई। युवती के हाथ में गोदना से लिखे अंग्रेजी के शब्द S A से पहचान की।