भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में एक बार फिर हादसा हुआ है। जिसमें एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई है। हादसा BSP के सिंटर प्लांट 2 में हुआ है। बताया जा रहा है की मजदूर 8 टन वजनी रोलर में फंस गया था। कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से मजदूर की दुखद मौत हो गई है। दुर्घटना के बाद श्रमिक को फ़ौरन मेडिकल पोस्ट में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक BSP ठेका श्रमिक कान्हा चरण मेहर (37 साल) काम कर रहा था। एसपी 2 के कन्वेयर बेल्ट क्रमांक एफएस-9 में कन्वेयर रखते समय वह उसकी चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कान्हा रोल को स्टैंड कर रहा था। उसमें चेन के सहारे लोहे का रॉड बंधा था। यही रॉड अचानक छिटक गया और ठेका श्रमिक कान्हा के ऊपर गिर गया। इससे उसे गंभीर चोटें आई।
मौके पर मौजूद लोगों ने दुर्घटना की जानकारी अफसरों को दी। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस को बुलाया गया और उसे मेन मेडिकल पोस्ट इलाज के लिए ले जाया गया। यहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत ठेका श्रमिक का शव देख उसकी पत्नी रजनी वही बेहोश हो कर गिर गई थी।
मृत श्रमिक की पत्नी को प्रबंधन द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति पत्र दे दिया गया है। भिलाई नगर निगम के सीनियर पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा और सभापति गिरवर बंटी साहू भी इस मामले में सक्रीय दिखे। ठेकेदार सीबी पटेल ने मृतक के पत्नी को कुल 2 लाख 61 हजार रूपए बतौर मुआवजा प्रदान किया है।
मृतक की पत्नी को प्रबंधन ने दिया अनुकम्पा नियुक्ति पत्र
BSP प्रबंधन ने मृत ठेका श्रमिक को अनुकम्पा नियुक्ति का पत्र दे दिया है। बुधवार को BSP प्रबंधन की तरफ से IR के अधिकारी निवेश ने आश्रित मृत श्रमिक की पत्नी रजनी मेहर को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौपा है। जिसके अनुसार परिवार के किसी एक व्यक्ति को BSP द्वारा नौकरी प्रदान की जाएगी। 2 साल ओर 6 साल की दो बच्चियों से उनके सर से पिता का साया उठ गया है। मृत ठेका श्रमिक पत्नी MA की पढ़ाई की हुई है, उनकी योग्यता के अनुसार प्रबंधन उन्हें अनुकम्पा नियुक्ति देगा।
सीनियर पार्षद वशिष्ठ और सभापति बंटी साहू रहें मौजूद
भिलाई नगर निगम के सीनियर पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा जो हमेसा जरूरतमंदों के लिए एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर बनाने के लिए समन्वय करते है। उन्होंने मृत ठेका श्रमिक की डेड बॉडी और उनके परिवार के लिए एम्बुलेंस का इंतजाम किया, जिसमें वो अपने गांव बेलपहाड़ (उड़ीसा) रवाना हुए। सभापति गिरवर बंटी साहू कोहका के पार्षद भी है, क्योंकि मृतक भिलाई में कोहका में निवासरत था इस कारण बंटी साहू की आज सक्रीय भूमिका रहीं।
पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा, सभापति गिरवर बंटी साहू समेत यूनियन के लोग शव के उड़ीसा रवानगी तक वहां मौजूद रहे। पोस्टमार्टम करवाकर शव को उड़ीसा रवाना किया गया। यूनियन के हरिशंकर चतुर्वेदी, शारदा गुप्ता, वशिष्ठ वर्मा, योगेश सोनी, रेड्डी अशोक माहोर, विनोद उपाध्याय, एबीसन वर्गिस भी रहें मौजूद।
ठेकेदार ने दिया मुआवजा
ठेकेदार सीबी पटेल की तरफ से मुआवजा के रूप में 2 लाख रूपए का चेक और 61 हजार रूपए नगद अंतिम संस्कार कार्यकर्म हेतु प्रदान किया गया है। मृत ठेका श्रमिक का अंतिम संस्कार कार्यक्रम उड़ीसा के बेलपहाड़ में होगा।
मूल रूप से ओडिशा और भिलाई में कोहका का रहने वाला था मृतक
मृत श्रमिक उड़ीसा के बेलपहाड़का निवासी था। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद कान्हा का शव सेक्टर 9 अस्पताल के मरच्यूरी में रखवाया गया है। कान्हा श्रमिक बस्ती आर्य नगर कोहका का निवासी था। वह ठेकेदार सीबी पटेल के अंडर में रहकर बीएसपी में काम कर रहा था।
लगातार हादसा चिंता का विषय- सोनी
यूनियन के योगेश सोनी ने कहा कि, ठेका श्रमिकों की हादसे में मौत का आंकड़ा सर्वाधिक है। ठेका श्रमिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। ठेकेदार द्वारा ठेका मजदूरो की बेवजह छटनी व नए मजदूरो की भर्ती भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से सही नही है। इस पर प्रबंधन को ठोस पहल करने की है आवश्यकता है ताकि बढ़ती दुर्घटनाओं में रोक लगाई जा सके।
सोनी ने आगे कहा कि, मौत के बाद विवाद न हो इसलिए सिस्टम बना कर एक समान मुआवजा राशि तय होना जरूरी है। मौत के बाद हमेशा विवाद की स्थिति से बचने के लिए एक नियम बनाने की सख्त आवश्यकता है, ताकि हमेशा विवाद होने से बचा जा सके। श्रमिकों का कम से कम 15 लाख का बीमा करवाना चाहिए ताकि इस तरह के मुआवजा पर विवाद न हो। हिन्दुस्तान इस्पात ठेका श्रमिक यूनियन सीटू के महासचिव योगेश सोनी, सहित यूनियन से नागेश्वर, झब्बू साहू, बी एम एस के यूनियन लीडर मौजूद थे।