CM साय से पोलैंड की विदेशी मामलों की समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात: मुख्यमंत्री ने पोलैंड सहित अन्य यूरोपीय देशों के निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश का दिया न्योता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां उनके निवास कार्यालय में पोलैंड की विदेशी मामलों की संसदीय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और राजकीय गमछा भेंट किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत,खनिज भंडार, वन संपदा व पर्यटन सहित अन्य विशेषताओं की जानकारी देते हुए राज्य में आर्थिक निवेश के विषय में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से आर्थिक विकास के पथ पर अग्रसर है। हमारे द्वार निवेशकों के लिए खुले हैं, यहां उद्योगों को सभी प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने पोलैंड सहित अन्य यूरोपीय देशों के निवेशकों को भी छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश के लिए आमंत्रित किया। छत्तीसगढ़ के नैसर्गिक सौंदर्य एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी से पोलैंड का संसदीय दल बहुत प्रभावित हुआ।

पोलैंड की विदेशी मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष पावेल कोवल ने कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ में आकर बहुत अच्छा लगा। वे कल पुरखौती मुक्तांगन गए, जहां छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक देखने को मिली। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पोलैंड की यात्रा की थी। लगभग 45 वर्षों के बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री पोलैंड आये। इस यात्रा के बाद पोलैंड और भारत के रिश्ते और मजबूत हुए हैं। इसी तारतम्य में हम भारत के विभिन्न राज्यों की यात्रा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ और पोलैंड के मध्य आपसी सहयोग की बहुत संभावनाएं हैं। इस लिहाज से छत्तीसगढ़ की यह यात्रा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में दल के आत्मीय स्वागत के लिए सभी का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड की यात्रा की थी। यह 45 वर्ष बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड यात्रा थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी देशों से अच्छे सम्बंध कायम कर रहे हैं। यह बहुत खुशी की बात है कि पोलैंड की विदेशी मामलों की संसदीय समिति ने छत्तीसगढ़ यात्रा कर यहां निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई है। हम आप सभी का राज्य में स्वागत करते हैं। पोलैंड के जो निवेशक छत्तीसगढ़ में आर्थिक निवेश करना चाहते हैं उन्हें हम सभी प्रकार की सहयोग और सहूलियत प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को छत्तीसगढ़ के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि राज्य निर्माण के बाद अभी तक 25 वर्षों की यात्रा में छत्तीसगढ़ ने अभूतपूर्व उन्नति की है। छत्तीसगढ़ देश का नौवां सबसे बड़ा राज्य है। देश के विकास में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यहां प्रचुर मात्रा में खनिज भंडार और वन संपदा है। उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने प्रदेश में लागू की गई नवीन औद्योगिक नीति के बारे में जानकारी दी। इस दौरान छत्तीसगढ़ की अधोसंरचना और सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यटन पर संक्षिप्त पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिवद्वय पी दयानंद, मुकेश बंसल, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

सुपेला गदा चौक की शराब भट्टी हटाने की मांग...

भिलाई। सुपेला गदा चौक स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। जनहित संघर्ष समिति ने संरक्षक कन्हैया...

पीएम जनमन आवास में गड़बड़ी पर एक्शन : डिप्टी...

कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया...

BOI बैंक में 36.79 लाख की गड़बड़ी : तत्कालीन...

कोंडागांव। जिले के बड़े डोंगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण...

कागजों में मृत, हकीकत में जिंदा निकले ग्रामीण :...

कवर्धा। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़े कथित फर्जीवाड़े की जांच अब मध्यप्रदेश से निकलकर छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले तक पहुंच गई है।...