दुर्ग में ढाबा संचालक ने शिवनाथ नदी में कूदकर दी जान, 2 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

दुर्ग। जिले के धमधा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक ढाबा संचालक ने शिवनाथ नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पथरिया चौक स्थित ढाबा संचालक संजय ओझा के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, संजय ओझा रोज की तरह सुबह घर से निकले थे, लेकिन ढाबे जाने के बजाय सीधे शिवनाथ नदी पुल पहुंचे। वहां से उन्होंने अचानक नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबते देख शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही धमधा पुलिस, नंदिनी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद संजय ओझा का शव नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि संजय ओझा पिछले कई वर्षों से ढाबे का संचालन कर रहे थे। उनके मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके अचानक इस तरह आत्महत्या कर लेने से परिजन, परिचित और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version