धमतरी। रुद्री थाना क्षेत्र में डायल 112 में तैनात एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरक्षक का शव डायल 112 के कंट्रोल रूम के पास मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मृतक आरक्षक की पहचान ओंकार सोनवानी के रूप में हुई है, जो कुरुद क्षेत्र के बंगोली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक ओंकार सोनवानी नाइट ड्यूटी के लिए कंट्रोल रूम पहुंचा था। इसी दौरान रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच वह अचेत अवस्था में मिला।
साथी पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया
आरक्षक के अचानक अचेत मिलने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कंट्रोल रूम का किया गया निरीक्षण
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने डायल 112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां मौजूद परिस्थितियों की जानकारी ली। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम और जांच के बाद साफ होगी वजह
आरक्षक की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ड्यूटी पर पहुंचने से लेकर अचेत अवस्था में मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
