तखतपुर में अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंकने से बवाल : बहुजन समाज ने दिया धरना, 5 दिन में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम

अंबेडकर प्रतिमा पर गोबर फेंकने से बवाल

तखतपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान का मामला सामने आया है। बहुजन समाज के लोगों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा पर गोबर फेंका। घटना की जानकारी मिलते ही समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध में धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक गोबर प्रतिमा के चेहरे समेत अन्य हिस्सों पर फेंका गया है। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ इस तरह का कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल व्यक्ति को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी

अखिलेश कोशले ने कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बहुजन समाज के कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में होने वाली जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पुलिस जांच पर टिकी नजर

घटना के बाद मौके पर धरना जारी है और बहुजन समाज के लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रतिमा पर गोबर किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।

Exit mobile version