धमतरी में CRPF जवान ने की आत्महत्या : 10 दिन की छुट्टी लेकर आया था गांव, ड्यूटी पर लौटने से पहले लगाई फांसी

CRPF जवान ने की आत्महत्या

धमतरी। सिहावा क्षेत्र के सातबहाना गांव में दीपावली की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब छुट्टी पर घर आए CRPF जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। फिलहाल जवान के इस कदम के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सिहावा थाना क्षेत्र के सातबहाना गांव की है। यहां डाकेश सोम (32), पिता भीमकुमार सोम ने 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात अपने घर में फांसी लगा ली। डाकेश केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में तैनात था और 10 दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था।

अंतागढ़ में तैनात था जवान

बताया जा रहा है कि डाकेश सोम की पदस्थापना कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में CRPF की 28वीं बटालियन में थी। सोमवार को उसे छुट्टी समाप्त होने के बाद वापस ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन इससे पहले ही उसने यह कदम उठा लिया। जवान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जवान की मौत से सातबहाना गांव में शोक का माहौल है।

Exit mobile version