भूपेश बघेल का साय सरकार पर तीखा हमला : बोले- ‘छोटा रिचार्ज’ से राज्य नहीं संभल रहा, इसे बदल देना चाहिए

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर। रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती के साथ मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘छोटा रिचार्ज’ से राज्य संभल नहीं रहा है, इसे बदल देना चाहिए। बघेल ने धान खरीदी में शॉर्टेज, RI परीक्षा पेपर लीक और SIR जैसे मुद्दों पर भी सरकार और संबंधित संस्थाओं को घेरा।

खरसिया की घटना पर सरकार को घेरा

बोतल्दा रॉक गार्डन में 14 नवंबर को हुई घटना का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसके प्रेमी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

धान खरीदी में शॉर्टेज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग

धान खरीदी केंद्रों में सामने आ रही शॉर्टेज के मुद्दे पर भी भूपेश बघेल ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से इस विषय पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की गई है। साथ ही पिछले वर्ष हुई धान खरीदी का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की जरूरत बताई। श्री बघेल के मुताबिक, इस मांग को लेकर चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने धान खरीदी से जुड़े आंकड़ों और कमियों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग दोहराई।

RI परीक्षा पेपर लीक मामले में CBI जांच की मांग

राजस्व निरीक्षक (RI) पदोन्नति परीक्षा के पेपर लीक मामले में हुई गिरफ्तारियों और सामने आए नए तथ्यों को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में आयोजित परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। श्री बघेल ने कहा कि प्रदेश में परीक्षा से जुड़े सभी गड़बड़ी के मामलों की CBI से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे पर भी तंज कसा।

SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचा इंडिया गठबंधन

SIR के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर किए जाने को लेकर भी भूपेश बघेल ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से लगातार संपर्क करने और बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी शिकायतों के बावजूद संवाद नहीं हो सका। श्री बघेल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के रवैये के कारण अब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अब आयोग को शीर्ष अदालत के सामने अपना पक्ष रखना होगा। उनके मुताबिक, यह संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इस मामले में कई पहलुओं को सामने लाने की जरूरत है।

Exit mobile version