भखारा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : फांसी लगाने की बात पर उठे सवाल, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में करीब छह महीने पहले शादी हुई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय काजल पाल के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष की ओर से जहां काजल द्वारा फांसी लगाने की बात कही जा रही है, वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल ले जाने के बाद सामने आई मौत की जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद ससुराल पक्ष का कहना था कि काजल अचानक गिर गई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसके मायके वालों को बताया गया कि काजल ने घर में फांसी लगा ली है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मायके वालों ने लगाए मारपीट के आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल और उसके पति के बीच विवाद होता रहता था। उनका दावा है कि ससुराल पक्ष और पति की ओर से काजल के साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले ही काजल की उनसे फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कथित तौर पर घर में हुए विवाद और मारपीट की जानकारी परिवार को दी थी। इसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत की खबर सामने आई।

पुलिस ने कहा- प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतका के परिजनों की ओर से ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सभी पहलुओं पर की रही जांच- पुलिस

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के सदस्यों समेत घटना से जुड़े लोगों के बयान सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

मृतका काजल के शव का पोस्टमार्टम कुरुद अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version