धमतरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, तोड़फोड़ और हथियार लहराने तक पहुंच गया। धमतरी के बांसपारा इलाके में हुई इस घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक बरामद की गई हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अपनी पसंद का बाजा बजाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, नगरी क्षेत्र के सांकरा की रुद्राक्ष धुमाल पार्टी गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बांसपारा इलाके में प्रस्तुति दे रही थी। इसी दौरान मराठा पारा मंगल भवन के पास कुछ युवक पहुंचे और धुमाल पार्टी से अपनी पसंद का बाजा बजाने की मांग करने लगे। पार्टी की ओर से उनकी मांग नहीं माने जाने पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बाद में रामबाग के पास विवाद ने उग्र रूप ले लिया। युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक तथा तलवार लेकर हमला कर दिया।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और अपराध क्रमांक 232/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। उनके पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया।
तीन आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने मामले में रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20), जतीश साहू उर्फ डुई (19) और अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26) को गिरफ्तार किया है। तीनों धमतरी के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
