CG05 लॉज में युवती की संदिग्ध मौत : कमरे में शव मिलने से फैली सनसनी, FSL जांच से खुलेगा मौत का राज

CG05 लॉज के कमरे में मिला युवती का शव

धमतरी। शहर के चर्चित CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लॉज के कमरे से युवती का शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22) के रूप में हुई है, जो कवर्धा की निवासी बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पिंकी 24 सितंबर से CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में ठहरी हुई थी। रविवार को उसके कमरे से शव मिलने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने लॉज के कमरे की बारीकी से जांच करते हुए वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही पूरे लॉज परिसर को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किस परिस्थिति में हुई। फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

लॉज स्टाफ से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने लॉज संचालक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवती कब लॉज पहुंची, किसके संपर्क में थी और मौत से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा लॉज में आने-जाने वाले लोगों की भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवती के कमरे में उससे मिलने कौन-कौन आया था और घटना से पहले वहां की परिस्थितियां कैसी थीं।

पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस की जांच फिलहाल जारी है। FSL से मिलने वाले साक्ष्यों और पूछताछ के साथ अन्य जांच प्रक्रियाओं के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। युवती की मौत सामान्य थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Exit mobile version