अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर में कुछ युवकों ने प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट की और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गाड़ी को साइड देने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर इलाके से गणेश विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे अपनी निजी कार से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी को साइड देने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने कथित तौर पर डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उनकी निजी कार में भी तोड़फोड़ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान कुछ युवक नशे की हालत में भी थे।
वरिष्ठ अधिकारियों को दी सूचना
घटना के बाद प्रशिक्षु डीएसपी ने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और टीम तत्काल मौके पर पहुंची।बताया जा रहा है कि निशांत कुर्रे सरगुजा जिले के दरिमा थाना में प्रशिक्षु डीएसपी के तौर पर पदस्थ हैं।
6 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे विवाद की पूरी वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस अधिकारी के साथ हुई इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।