जगदलपुर। शहर के पनारा पारा इलाके में आपसी विवाद के दौरान एक नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मन्नू कश्यप की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मन्नू कश्यप और पड़ोस में रहने वाले नाबालिग के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि नाबालिग मृतक की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बन चुकी थी।

शनिवार देर रात एक बार फिर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नाबालिग ने मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल मन्नू कश्यप ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद मोहल्ले में आक्रोश, पुलिस से हुई बहस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फरार नाबालिग की तलाश की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के सामने नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

