सुकमा। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक गांजे की खेप पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह पर सुकमा पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत हुई कार्रवाई में तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने 25 किलो 450 ग्राम गांजा जब्त करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों समेत पांच लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 62 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
चेकपोस्ट पर मिली सफलता, ट्रॉली बैग से निकला गांजा
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को सुकमा चेकपोस्ट के नजदीक मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोपहिया वाहनों से पहुंचे दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग में रखे 12 पैकेटों से 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। शुरुआती कार्रवाई में दो वाहक पकड़े गए थे, लेकिन पुलिस ने इसे महज गांजा बरामदगी का मामला मानकर जांच बंद नहीं की। एसपी के निर्देश पर आरोपियों के मोबाइल फोन, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की गई। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने तस्करी के पीछे सक्रिय लोगों की तलाश शुरू की।
आम यात्रियों की तरह सफर कर पहुंचाते थे खेप
जांच के दौरान तस्करी का तरीका भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, गांजा ओडिशा के मलकानगिरी इलाके से दोपहिया वाहनों के जरिए सुकमा लाया जाता था। यहां से इसे ट्रॉली बैग, सूटकेस और सामान्य लगेज में छिपाकर बसों तथा ट्रेनों के माध्यम से दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। तस्कर आम यात्रियों की तरह सफर करते थे, जिससे उनकी गतिविधियों पर संदेह कम हो और गांजे की खेप आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंच सके। जांच में इस नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक जुड़े होने की जानकारी मिली है।
मेरठ और नोएडा तक पहुंची जांच, पांच लोग पुलिस की गिरफ्त में
तकनीकी जांच के दौरान मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ के नाम सामने आए। इसके अलावा नोएडा के एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी उजागर हुई। पुलिस टीम ने सुकमा से निकलकर जगदलपुर पहुंचे इन लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।
मुख्य सरगना की पहचान, पैसों के लेन-देन पर भी नजर
पुलिस की जांच गांजे की खेप पहुंचाने वाले लोगों तक सीमित नहीं है। इसके स्रोत, परिवहन की व्यवस्था और अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी कराने वाले लोगों की कड़ियां भी जोड़ी जा रही हैं। एसपी मयंक गुर्जर के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर तस्करी के काम में इस्तेमाल करता था। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।
14.62 लाख रुपये का सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 25 किलो 450 ग्राम गांजा, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 14 लाख 62 हजार 500 रुपये आंकी गई है। मामले में थाना सुकमा में अपराध क्रमांक 99/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी रोशन राजपूत, थाना स्टाफ और जगदलपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
केवल वाहक नहीं, पूरे नेटवर्क तक पहुंचना मकसद : एसपी
एसपी मयंक गुर्जर ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऑपरेशन आगाज का मकसद सिर्फ गांजा जब्त करना या उसे ढोने वालों को पकड़ना नहीं, बल्कि इस कारोबार को संचालित करने वाले लोगों और उनके आर्थिक स्रोतों तक पहुंचना है। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की अहम कड़ियों का पता चला है। मुख्य सरगना की पहचान हो चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश के साथ आर्थिक लेन-देन की जांच भी की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

