विवाद के चलते बाराती की बेरहमी से हत्या: बारात में नाचने-गाने को लेकर हुआ विवाद, 3 लोगों ने बैट और डंडे से पीटकर युवक को मार डाला, 2 गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक बाराती की लाठी डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और तीसरा आरोपी फरार है। घटना सरायपाली थाना क्षेत्र के छिबर्रा की है।

जानकारी के मुताबिक, लमकेनी निवासी आशीष साहू की बारात रात को छिबर्रा गांव पहुंची थी। इसी बारात में बारातियों की तरफ से राजकुमार सिदार(30) भी आया था। बारात में सभी नाचने गाने में व्यस्त थे। इसी दौरान राजकुमार का नाचने गाने को लेकर ही 3 लोगों से विवाद हो गया।

बताया गया कि विवाद इतना बढ़ कि बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद 3 लोगों ने मिलकर राजकुमार को लाठी डंडे और क्रिकेट बैट से पीट दिया। इससे राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। कुछ लोगों ने बीच बचाव का भी प्रयास किया था। मगर आरोपी नहीं माने, बीच बचाव करने आए कुछ लोग भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद तीनों आरोपी भाग गए थे। वहीं आस-पास के लोग राजकुमार को अस्पताल लेकर गए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों को भी अस्पताल ले जाया गया था। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई। बाद में आरोपियों की पहचान कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अभी एक आरोपी फरार है। डॉक्टरों का कहना है कि राजकुमार के शरीर से काफी खून बह गया था। जिसके चलते उसकी जान गई है।


Exit mobile version