दुर्ग में तलवार लेकर घूम रहे 2 युवक गिरफ्तार : दीपक नेपाली का भाई भी पकड़ाया, 2 तलवार और 3 मोबाइल जब्त

दीपक नेपाली का भाई गिरफ्तार

दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में तलवार लेकर घूमने और राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीरज कुमार सिंह (28) और शुभम यादव (33) के रूप में हुई है। दोनों कैंप-1 क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नीरज कुमार सिंह आदतन बदमाश और महादेव सट्टा ऐप मामले में संलिप्त बताए गए दीपक नेपाली का भाई है। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो स्टील की तलवार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

तलवार लेकर घूमने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में दो युवकों के तलवार लेकर घूमने और राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थानों पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से तलवार और मोबाइल फोन बरामद हुए।

नीरज के पास से म्यान सहित तलवार और दो मोबाइल जब्त

पुलिस के मुताबिक, नीरज कुमार सिंह कैंप-1 प्रेमनगर स्थित 18 नंबर रोड में मौर्या निवास के पीछे रहता है। उसके कब्जे से म्यान सहित एक स्टील की तलवार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने तलवार की अनुमानित कीमत करीब 4,500 रुपये, जबकि दोनों मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई है।

शुभम से भी तलवार बरामद

दूसरे आरोपी शुभम यादव को कैंप-1 के संगम चौक का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक स्टील की तलवार और एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद तलवार की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों से जब्त तलवारों की कुल अनुमानित कीमत 9,500 रुपये है।

दोनों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज

वैशाली नगर पुलिस ने नीरज और शुभम के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। शुभम यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/2026, जबकि नीरज कुमार सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।

Exit mobile version