प्रेस क्लब में पिस्टल लहराने के बाद चली गोली : सदस्यता विवाद में पदाधिकारियों को धमकाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर प्रेस क्लब

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रेस क्लब परिसर के भीतर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। शनिवार शाम सदस्यता को लेकर हुए विवाद के दौरान पलाश तिवारी पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और हवा में गोली चलाने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सदस्यता को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से पलाश तिवारी नाराज था। शनिवार को वह प्रेस क्लब पहुंचा, जहां कुछ पदाधिकारियों से बहस के बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान उसने गाली-गलौज करते हुए अपना आक्रोश जताया और बाद में पिस्टल निकाल ली।

दो पदाधिकारियों पर पिस्टल तानने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान पलाश तिवारी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दुबे की ओर पिस्टल तान दी। इसके बाद करीब शाम 5 बजे परिसर में हवा में फायरिंग किए जाने का आरोप है। फायरिंग की आवाज के बाद प्रेस क्लब परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई गई।

अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दी गई। शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग की घटना की जानकारी सदस्यों से मिली थी। शिकायत में आरोपी पर पिस्टल से फायरिंग करने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही कहा गया कि घटना से परिसर की शांति प्रभावित हुई और वहां भय का माहौल पैदा हुआ।

देर रात पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और देर रात पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version