दुर्ग शहर में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत : 130 से अधिक नए पोल और 15 ट्रांसफार्मर लगेंगे, 1.49 करोड़ रुपये मंजूर

दुर्ग। शहर के पुराने वार्डों के साथ तेजी से विकसित हो रही नई बस्तियों और कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 149.76 लाख रुपये यानी करीब 1.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इस राशि से 130 से अधिक नए विद्युत पोल और 15 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बिजली लाइनों का विस्तार, पोल शिफ्टिंग और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने जैसे काम भी किए जाएंगे।

नई बस्तियों और कॉलोनियों को मिलेगा लाभ

शहर के कई वार्डों और आउटर क्षेत्रों में नई बस्तियां और कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। आबादी बढ़ने के साथ इन इलाकों में बिजली के खंभे और लाइन विस्तार की जरूरत भी बढ़ी है। स्थानीय नागरिकों, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार इस संबंध में मांग की जा रही थी। इन समस्याओं को देखते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय इंजीनियरों ने अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

15 नए ट्रांसफार्मर से कम होगा बिजली लोड

स्वीकृत योजना के तहत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 15 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली के बढ़ते लोड की समस्या कम करने और विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। नई कॉलोनियों में लाइन विस्तार होने से वहां रहने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और फीडर का विस्तार किया जाएगा। नागरिकों की मांग के मुताबिक घरों और रास्तों के आसपास बाधा बन रहे बिजली के पोल शिफ्ट करने तथा आवश्यकतानुसार बिजली के तार हटाने का काम भी किया जाएगा।

सभी वार्डों में बेहतर रोशनी के निर्देश

मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के सभी जोन के कार्यपालन अभियंताओं को नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जरूरत के मुताबिक विद्युत पोल, लाइट और अन्य सुविधाओं में सुधार करने पर जोर दिया है। दुर्ग जिला मुख्यालय होने के कारण यहां जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सड़कों और बस्तियों में पर्याप्त रोशनी तथा सुचारु बिजली आपूर्ति नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

पहले भी 1,674 विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर के कामों को मिली मंजूरी

दुर्ग शहर में बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए मंत्री गजेन्द्र यादव पहले भी पहल कर चुके हैं। उन्होंने अपनी विधायक निधि नगर निगम को उपलब्ध कराई थी, जिससे विद्युत पोलों पर लाइट लगाने का काम किया गया। इसके अलावा उरला क्षेत्र की नई कॉलोनियों में पिछले वर्ष 67 विद्युत पोल लगाने की स्वीकृति दी गई थी। वहीं मार्च महीने में 702 विद्युत पोल और 10 ट्रांसफार्मर लगाने के कार्यों को भी मंजूरी मिली थी।

नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता: गजेन्द्र यादव

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर के आउटर क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियों में बिजली लाइन विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है। उनका प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को बेहतर विद्युत व्यवस्था मिले। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्ग सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों का जीवन सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

दुर्ग ITI में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन...

दुर्ग। आदर्श शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में वीडियो...

घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान बिक्री...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। घर...

राजनांदगांव के गोल बाजार मटन मार्केट पर चला बुलडोजर...

राजनांदगांव। शहर के गोल बाजार में लंबे समय से संचालित मटन मार्केट को हटाने की कार्रवाई सोमवार, 23 नवंबर को शुरू हो गई। राजगामी...

केशकाल के जैन मंदिर में लाखों की चोरी :...

केशकाल। केशकाल नगर में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। अज्ञात बदमाशों ने पुलिस थाने से महज...