दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सप्ताह के भीतर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक अपने नाम किए हैं। नीदरलैंड में रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी दूसरा स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
नीदरलैंड में डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को हराया
आकर्षि कश्यप ने नीदरलैंड में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे सेटों में 21-15, 21-13 से पराजित किया। इस जीत के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बनाई और प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया।

चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में उनकी यह वापसी काफी अहम मानी जा रही है। लगातार दो प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उन्होंने साबित किया कि चोट के बाद भी वह उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार हैं।
तुर्किये में तीन दिन में खेले पांच मुकाबले
नीदरलैंड में शानदार प्रदर्शन के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में हिस्सा लिया। यहां भी उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता के दौरान उन्हें तीन दिनों में पांच मुकाबले खेलने पड़े। लगातार मैचों के कारण शारीरिक चुनौती बढ़ने के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और एक और अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने में सफल रहीं।
दो सप्ताह के भीतर लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतना आकर्षि की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
अब जर्मनी में HYLO Open पर नजर
आकर्षि कश्यप का अगला लक्ष्य जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता है। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आकर्षि 23 अक्टूबर को रवाना होंगी। लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के बाद अब उनसे जर्मनी में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने दी बधाई
आकर्षि कश्यप की इस उपलब्धि पर दुर्ग पुलिस परिवार ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पुलिस विभाग ने उनके प्रदर्शन को अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। साथ ही आगामी जर्मनी प्रतियोगिता के लिए भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में लगातार दो रजत पदक जीतकर आकर्षि कश्यप ने न केवल अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया है, बल्कि छत्तीसगढ़ और दुर्ग पुलिस का गौरव भी बढ़ाया है। अब सभी की निगाहें जर्मनी में होने वाली HYLO Open प्रतियोगिता पर टिकी हैं।