पशु तस्करों के खिलाफ दुर्ग पुलिस का एक्शन जारी: एक टिप से बची कत्लखाने जा रही 5 बेजुबानों की जिंदगी… पुलिस ने रेड मार 5 भैंसों का किया रेस्क्यू, एक गाड़ी में क्रूरतापूर्वक भरे हुए थे मवेशी; आरोपी गया जेल

भिलाई। पशु तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को दुर्ग के जामुल थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मिली जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2024 को जामुल पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक वाहन जिसका नंबर (CG 07 CN 2670) है उसमें मवेशियों को अवैध रूप से कत्लखाने के लिए ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर, वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर त्वरित कार्रवाई की गई। इस दिशा में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और छावनी नगर पुलिस अधीक्षक हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में जामुल थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल देव पाण्डेय और सहायक उप निरीक्षक केसेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने कुरूद बस्ती के गोकुल नगर रोड पर स्थित मुन्ना कुरैशी के खटाल के सामने घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताये गए वाहन को पकड़ा। जांच के दौरान, वाहन में 5 नग भैंसें बिना चारा-पानी के ठूस-ठूस कर भरी हुई पाई गईं। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहम्मद इंतिजार, उम्र 33 वर्ष, निवासी आदर्श मंडी, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) बताया।

मोहम्मद इंतिजार ने स्वीकार किया कि वह इन भैंसों को कत्लखाने में ले जा रहा था और रास्ते में और मवेशी भी खरीदने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 25,000 रुपये नगद, 5 नग भैंसें जिनकी कीमत लगभग 4,00,000 रुपये और एक वाहन जिसकी कीमत करीब 10,00,000 रुपये है, को जब्त कर लिया। कुल मिलाकर 14,25,000 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी मोहम्मद इंतिजार को 17 सितंबर 2024 को 13:30 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर दुर्ग सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में जामुल थाना के सउनि केसेन्द्र सिंह चौहान, आर. अरविंद यादव, आर. रत्नेश शुक्ला, आर.चंद्रभान यादव और आर. सुनील ठाकुर की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की इस कार्यवाही ने अवैध मवेशी परिवहन पर एक ठोस रोकथाम लगाई है और कानून की ताकत को साबित किया है।