दुर्ग महिला थाना पहुंचीं केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर : परिवार परामर्श केंद्र का लिया जायजा, सुविधाएं बढ़ाने पर की चर्चा

दुर्ग महिला थाना पहुंचीं केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर

दुर्ग। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने रविवार, 27 सितंबर को दुर्ग महिला थाना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने थाने में संचालित परिवार परामर्श कार्यक्रम की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और काउंसलिंग के जरिए पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

करीब 12:50 बजे महिला थाना पहुंचीं केंद्रीय राज्य मंत्री का पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की ओर से उन्हें परिवार परामर्श के लिए थाने में उपलब्ध व्यवस्थाओं और काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

काउंसलिंग प्रक्रिया को समझा, परिवारों की समस्याएं सुनीं
दौरे के दौरान सावित्री ठाकुर परिवार परामर्श कार्यक्रम में मौजूद काउंसलरों के साथ बैठीं। उन्होंने परिवारों से जुड़े विवादों में अपनाई जाने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया को समझा और संबंधित पक्षों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने पारिवारिक विवादों को संवाद और उचित मार्गदर्शन के जरिए सुलझाने को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला थाना में परिवार परामर्श के माध्यम से विवादों के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अतिरिक्त कक्ष और सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा
महिला थाना में परिवार परामर्श के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेने के साथ ही काउंसलिंग के लिए अतिरिक्त कक्ष और अन्य जरूरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान दुर्ग पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा, पारिवारिक विवादों के निराकरण और परिवार परामर्श के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री को दी गई। सावित्री ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में पहले आपसी बातचीत और विधिक परामर्श के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाए। जरूरत पड़ने पर महिला थाना में उपलब्ध परिवार परामर्श व्यवस्था से संपर्क कर उचित मार्गदर्शन लिया जा सकता है।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की निजी सहायक रिया सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक नेवई भारती मरकाम, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक नीता राजपूत सहित परिवार परामर्शदाता अशोक जोशी और रत्ना रानी मौजूद रहे।

Exit mobile version