महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ED की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली के वकील गिरफ्तार, 15 करोड़ की डील का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां देर रात तक सुनवाई चली। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेज दिया है।

सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ लेने का आरोप

ED के मुताबिक, हिमांशु शेखर पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने कानूनी मामलों में मदद दिलाने और जजों व सरकारी अधिकारियों को अपने पक्ष में करने के नाम पर यह रकम ली थी।

जांच के अनुसार, हिमांशु शेखर ने सौरभ चंद्राकर से मुलाकात कर उसे कानूनी मामलों में राहत दिलाने और अधिकारियों से संपर्क स्थापित कराने का भरोसा दिया था। इसी के एवज में बड़ी रकम वसूली गई।

28 नवंबर तक ED रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। मामले में देर रात तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 28 नवंबर तक ED रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।

अब ED रिमांड के दौरान आरोपी से 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही सौरभ चंद्राकर के साथ हुई मुलाकातों और इस पूरे मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ली गई रकम कहां-कहां खर्च की गई और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। ED की पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Exit mobile version