इंजीनियर की हत्या: भिलाई गांव के खेत में मिली इंजीनियर की खून से लथपथ लाश… धारदार हथियार से किया गया हमला… कल दोपहर घर से निकला था

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में आज सुबह इंजीनियर की लाश खेत मे मिलने से सनसनी मच गई है। इंजीनियर का शव भिलाई गांव के एक खेत मे मिला है। पुलिस आशंका जता रही है कि, आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारा होगा। मृतक युवक का नाम भीम देवांगन था। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के भिलाई गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, भिलाई गांव निवासी राजेश देवांगन (26) पुत्र भीम देवांगन इंजीनियर था। वह दोपहर को घर से निकला था, लेकिन शाम तक नहीं लौटा तो परिजन उसे तलाश करने निकले। फिर भी उसका कुछ पता नहीं चला। इस बीच ग्रामीणों ने सुबह खेत में युवक का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। उसकी खून से लथपथ लाश पैरा के नीचे दबी हुई थी। बस पैर बाहर दिख रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो शव की शिनाख्त हुई। इसके बाद मामले की जांच जारी है। आसपास के लोगों के साथ ही परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। मामला गांव का होने के कारण अंदेशा आसपास के ही किसी व्यक्ति पर है। हालांकि इसमें विवाद और दुश्मनी का एंगल भी पुलिस तलाश रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जांच तेज होगी।


Exit mobile version