दुर्ग। जिले में ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खुद को रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी की लीडर बताकर लोगों को निवेश के बदले 28 महीने में रकम चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न देने का झांसा देती थी। पुलिस जांच में आरोपी के बैंक खातों से लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, जोरतराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी तृप्ति साहू ने अपने परिचित ललित के घर उतई में रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर 28 महीने में रकम चार गुना होने का भरोसा दिलाया था। साथ ही हर महीने 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न देने का भी दावा किया गया था।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने पहले 5 लाख रुपये निवेश किए। इसके बाद आरोपी ने करीब 45 हजार रुपये का लाभ देकर उसका विश्वास जीत लिया। बाद में पीड़ित ने बैंक से लोन लेकर 14 लाख रुपये और जमा करा दिए। इस तरह कुल 19 लाख रुपये निवेश किए गए। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तृप्ति साहू के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक की भिलाई शाखा से जुड़े खातों और ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट की जांच की। इसमें लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निवेश और मुनाफे का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने ठगी से मिले पैसों से गाड़ी और मकान खरीदा है। बैंक खातों में मिले संदिग्ध लेन-देन और शिकायत के आधार पर पुलिस ने तृप्ति साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। पुलिस अब मामले में ठगी के शिकार अन्य लोगों और आरोपी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।