कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय चिकित्सक डॉ. एल्विन ने आत्महत्या कर ली। उनका शव अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने तलाश शुरू की
जानकारी के मुताबिक, केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक साल पहले उनकी पदस्थापना कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर के कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे।
शनिवार सुबह 9 बजे उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक संपर्क नहीं होने पर कुछ कर्मचारी उनके आवास पहुंचे।

खिड़की का कांच तोड़कर खोला गया दरवाजा
आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। कर्मचारियों ने खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बाथरूम में डॉ. एल्विन का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाथरूम में कपड़े टांगने के लिए लगाए गए दो हैंगर के बीच रस्सी बांधकर फंदा बनाया गया था।
हाथ पर मिले चोट के निशान
पुलिस को चिकित्सक के हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया और इसके बाद फांसी लगा ली। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रेम संबंध टूटने की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध टूटने को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
कोयंबटूर और केरल से पहुंचे स्वजन
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. एल्विन के स्वजन कोयंबटूर और केरल के पालक्काड से कोरबा पहुंचे। पुलिस ने स्वजन के साथ ही अस्पताल के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत से जुड़े कई सवालों पर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल कोरबा पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।